परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार, 28 जून 2026 को जिले में अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के प्रथम दिन क्षेत्रीय विधायक जनक ध्रुव ने अपने निज निवास नहानबिरी में नन्हे बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की तथा अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की।विकासखंड छुरा में इस अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 17,774 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके लिए पूरे विकासखंड में 210 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही गई।अभियान के सफल संचालन के लिए 20 सेक्टर पर्यवेक्षक, 82 ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, 226 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा लगभग 500 मितानिनों की ड्यूटी लगाई गई थी। सभी टीमों को निर्धारित क्षेत्र में शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के दूसरे दिन स्वास्थ्य दल घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे, जो पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच पाए। वहीं तीसरे दिन 'X' चिन्हित घरों का पुनः भ्रमण कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।इस अवसर पर विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि "पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। यह केवल दवा नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की गारंटी है।"
स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि जिला गरियाबंद सहित पूरा प्रदेश और देश पोलियो मुक्त बना रहे।

Comments