झेरिया यादव समाज के सामाजिक सम्मेलन में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

झेरिया यादव समाज के सामाजिक सम्मेलन में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद :  जिले के राजिम नवापारा में  छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज द्वारा आयोजित भव्य सामाजिक सम्मेलन में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनिक यादव ने की। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव एवं विंद्रानावागढ़  विधायक जनक राम ध्रुव सहित प्रदेश एवं जिला तथा 7 परिक्षेत्र से आए समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, संगठन की मजबूती तथा समाज के शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास को समर्पित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के पारंपरिक स्वागत, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों ने संगठन की गतिविधियों, शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों तथा युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संचालित अभियानों की जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनिक यादव ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि समाज की सबसे बड़ी पूंजी उसकी एकता, शिक्षा और संस्कार हैं। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि समाज का प्रत्येक परिवार अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए प्रेरित करे तथा युवा समाज के संगठन और सामाजिक उत्थान में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बनाए रखते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। साथ ही समाज को राजनीती के परिक्षेत्र मे भी आगे रहने की अपील की।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की उन्नति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा, संगठन और आपसी भाईचारा होता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज तभी मजबूत होगा जब उसकी नई पीढ़ी शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनेगी।
शिक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ऐसी होनी चाहिए जिससे प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी समान अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा में निवेश भविष्य के विकास की सबसे बड़ी पूंजी है।

किसानों के मुद्दे पर भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आधार किसान हैं और उनकी आय बढ़ाने के लिए सरकार को निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए थे। इसी दौरान उन्होंने कहा, हमर सरकार रहितीस त धान के दाम 3100 नई, बल्कि 3600 रुपिया तक तको पहुँच जातिस। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की नीतियाँ किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से बनाई गई थीं। सभा में उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए शिक्षा और किसान हित से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। उनका कहना था कि सरकार को जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा करना चाहिए तथा विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के विस्तार, सामाजिक एकता, युवाओं की भागीदारी और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। सम्मेलन में प्रदेश के पदाधिकारियों सहित जिला एवं परिक्षेत्र से बड़ी संख्या में समाज के सदस्य, जनप्रतिनिधि, महिला शक्ति तथा सामाजिक कार्यकर्ता के साथ गणमान्य  नागरिक उपस्थित रहे।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments