परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद / छुरा : जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित गरियाबंद के प्रबंध संचालक द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप तथा राज्य स्तर से प्राप्त कार्यक्रम के तहत सहकारिता सप्ताह के अवसर पर ग्राम हीराबतर लघु वनोपज सहकारी समिति में जागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समिति के पदाधिकारियों ने सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, वनोपज संग्रहकर्ताओं को उचित लाभ दिलाने तथा ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ग्रामीणों को समिति के माध्यम से मिलने वाली विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इस अवसर पर समिति परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सहकारिता के सिद्धांतों, सामूहिक भागीदारी तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में लघु वनोपज सहकारी समिति हीराबतर के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सहकारिता की भावना को मजबूत करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Comments