एमसीबी/खड़गवां/खरीफ-2026 सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तायुक्त और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने तथा अवैध बीज विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने विकासखंड खड़गवां के ग्राम जरौंधा में आयोजित साप्ताहिक हाट-बाजार में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। विभाग की इस कार्यवाही से बिना लाइसेंस बीज बेचने वाले विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
बीज निरीक्षक मेहनाज अंसारी के नेतृत्व में की गई कार्यवाही के दौरान बाजार परिसर में बिना वैध अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) और आवश्यक अभिलेखों के बीज बेचते पाये गये 9 विक्रेताओं को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए तत्काल बाजार परिसर से हटाया गया। निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित विक्रेताओं को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि भविष्य में बिना वैधानिक अनुमति बीज विक्रय करते पाये जाने पर उनके विरुद्ध बीज अधिनियम, 1966, बीज नियम, 1968 तथा बीज (नियंत्रण) आदेश, 1983 के प्रावधानों के तहत बीज जब्ती, अनुज्ञप्ति निरस्तीकरण सहित अन्य विधिक कार्यवाही की जायेगी। बीज निरीक्षक श्रीमती मेहनाज अंसारी ने कहा कि कृषि विभाग किसानों के हितों की सुरक्षा के लिये पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि नकली, अमानक अथवा बिना अनुमति बेचे जा रहे बीज किसानों की मेहनत और पूरी फसल को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी कारण खरीफ सीजन के दौरान जिले के विभिन्न बाजारों, बीज विक्रेताओं और भंडारण स्थलों का लगातार निरीक्षण किया जायेगा और अनियमितता मिलने पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इस निरीक्षण अभियान में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सूरज सिंह भगत, रामबिहारी लहरे, कृष्ण कुमार और बीटीएम गौरव श्रीवास्तव भी शामिल रहे।कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही प्रमाणित बीज खरीदें। यदि कहीं अवैध बीज बिक्री, नकली बीज या अन्य अनियमितता की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम कृषि कार्यालय को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही कर किसानों के हितों की रक्षा की जा सके।

Comments