परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद :जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के बैनर तले मंगलवार को फिंगेश्वर विकासखंड के सैकड़ों ग्रामीणों ने गरियाबंद कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास 2.0 योजना की पात्रता सूची में छूटे हुए हितग्राहियों के नाम शामिल करने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि फिंगेश्वर विकासखंड के 10 से 15 गांवों के अनेक गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों ने शासन द्वारा निर्धारित सभी आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी कर दी थी। इसके बावजूद भी उनका नाम आवास 2.0 की पात्रता सूची में शामिल नहीं किया गया, जिससे वे योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि पात्र होने के बावजूद उनका नाम सूची में नहीं जोड़ा जाना गंभीर लापरवाही है।उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पात्र हितग्राहियों के नाम तत्काल सूची में शामिल करने और उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में प्रशासन से आग्रह किया गया है कि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर गरीब परिवारों को राहत प्रदान की जाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी अध्यक्ष भोजराम नेताम, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना उपाध्यक्ष महावीरा ध्रुव, राजिम खड़ अध्यक्ष लीकेश साहू सहित बड़ी संख्या में अक्रोशित जनता उपस्थिति रहे।

Comments