बेमेतर टेकेश्वर दुबे : ढोड़हीपार सेन समाज धमधा राज (बेरला-कुसमी परिक्षेत्र) द्वारा आयोजित सेन समाज का भव्य एवं ऐतिहासिक सम्मेलन गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सामाजिकजन उपस्थित रहे।
सम्मेलन का आयोजन पूर्णतः शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सामाजिक एकता के संदेश के साथ किया गया। इस दौरान समाज के प्रबुद्ध वक्ताओं ने समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता और संगठन है। यदि समाज संगठित होकर आगे बढ़ेगा तो निश्चित रूप से सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि सेन समाज का इतिहास सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा हुआ है। संत शिरोमणि सेन जी महाराज ने मानव सेवा, कर्म और समानता का संदेश दिया, जो आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणा का आधार है।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी संस्कृति, संस्कार और मजबूत संगठन से होती है। हमें अपनी मूल जड़ों को मजबूत करना होगा। जब समाज शिक्षा, संस्कार और आपसी सहयोग के साथ आगे बढ़ेगा, तभी आने वाली पीढ़ियों को बेहतर दिशा मिलेगी।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि ढेहीपार देशहा सेन समाज की जनसंख्या और क्षमता काफी अधिक है। आवश्यकता है कि सभी सामाजिक बंधु एकजुट होकर समाज के विकास में सहभागी बनें। संगठन की शक्ति से ही समाज अपनी समस्याओं का समाधान कर सकता है और नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।
इस अवसर पर समाज अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों द्वारा कुसमी में सेन समाज भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपए सहयोग की मांग रखी गई। विधायक दीपेश साहू ने समाज की आवश्यकता एवं भावना को देखते हुए तत्काल 10 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज के सामाजिक कार्यक्रमों, बैठक, युवा एवं आने वाली पीढ़ी के मार्गदर्शन का केंद्र बनेगा।
विधायक ने निषाद समाज सहित क्षेत्र के सभी समाजों के सहयोग और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेमेतरा विधानसभा के विकास में सभी समाजों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जनता के विश्वास और सहयोग से ही क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि सभी समाजों को साथ लेकर क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।
सम्मेलन में उपस्थित समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि हमें पहले अपनी मूल जड़ों को मजबूत करना होगा और इसके बाद सर्व नाई सेन समाज के व्यापक संगठन को मजबूत करते हुए समाज को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक बेमेतरा अवधेश सिंह चंदेल, जिला पंचायत सभापति प्रीतम चंदेल, प्रदेश रजककार बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, प्रदेश अध्यक्ष सेन समाज हीराधर सेन, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सेन, विधायक प्रतिनिधि एवं समाजसेवी लक्ष्मी नारायण सेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं संरक्षक भूपेंद्र शंकर सेन, प्रदेश महासचिव महिला प्रकोष्ठ सरिता सेन, संगठन सचिव विद्या सेन, युवा मोर्चा प्रदेश सचिव कपिल सेन, राजिम महासभा अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सेन, परपोड़ी-साजा राज पदाधिकारी रवि सेन एवं राजू सेन, अभन सेन बेमेतरा, भगवतराम सेन कवर्धा, महेन्द्र सेन, मुकुत राम सेन, जिला अध्यक्ष सर्व सेन नाई समाज बेमेतरा छल्ली सेन, विजय सेन, महादेव सेन, निखिल सेन, मंजु सेन एवं गीता सेन सहित समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।सम्मेलन के सफल आयोजन में अध्यक्ष दीनानाथ सेन, उपाध्यक्ष ऋषि सेन, लोमेश कुमार सेन, कन्हैया सेन, मोहन सेन सहित समाज के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।इस अवसर पर सेन समाज ने सामाजिक एकता, संगठन और समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Comments