विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम, विकासखंड साजा में VBGRAMG का शुभारंभ

विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम, विकासखंड साजा में VBGRAMG का शुभारंभ

  बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :भारत सरकार के विकसित भारत-2047 के संकल्प को ग्राम स्तर तक साकार करने तथा योजनाबद्ध, तकनीक आधारित एवं समग्र ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से आज विकासखंड साजा के सभाकक्ष में VBGRAMG के शुभारंभ अवसर पर राष्ट्रीय स्तरीय जनसम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विकासखंड स्तरीय आयोजन में किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ भारत सरकार के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि VBGRAMG गांवों के समग्र एवं सतत विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इसके माध्यम से प्रत्येक ग्राम पंचायत अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप दीर्घकालिक विकास योजना तैयार करेगी, जिससे आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, रोजगार के अवसरों में वृद्धि, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल मॉनिटरिंग के माध्यम से विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

विकासखंड साजा में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता साजा विधायक श्री ईश्वर साहू ने की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन तथा मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार गांव, गरीब, किसान एवं महिलाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। VBGRAMG के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर लाभ सुनिश्चित होगा।उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान एक जनआंदोलन का रूप लेगा और आत्मनिर्भर, स्वच्छ, समृद्ध एवं विकसित गांवों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

इस अवसर पर पूर्व विधायक ने कहा कि 1 जुलाई से प्रारंभ हुआ VBGRAMG भारत सरकार की दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ग्राम स्तर पर साकार करना है। ग्राम पंचायतों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार की जाने वाली विकास कार्ययोजनाएं गांवों के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार बनेंगी। आधुनिक तकनीक के माध्यम से योजनाओं की निगरानी, पारदर्शिता और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत के अधिकारियों द्वारा VBGRAMG की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि यह पहल ग्राम पंचायतों में दीर्घकालिक विकास योजना तैयार करने, विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्यों के क्रियान्वयन तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बनेगी।

कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सरपंचों, तकनीकी सहायकों एवं मेटों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सम्मान पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देते हैं और अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणा का कार्य करते हैं।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिलेवासियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस महत्वाकांक्षी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा गांवों के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बेरला सोमनाथ साहू, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक, मेट, स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोमनाथ साहू द्वारा किया गया।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments