रिश्तों का खौफनाक अंत! मां और भाई ने युवक की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया, 48 घंटे में पुलिस ने खोला राज

रिश्तों का खौफनाक अंत! मां और भाई ने युवक की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया, 48 घंटे में पुलिस ने खोला राज

धमतरी :  महज 48 घंटे के भीतर धमतरी पुलिस ने एक ऐसे अंधे कत्ल का खुलासा किया है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस हत्या के आरोप में मृतक की मां और भाई को गिरफ्तार किया गया है। पूरा मामला कुरूद के बिरेझर चौकी क्षेत्र का है।

ग्राम गोजी में 29 जून को 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। शुरुआत में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर मामले की वैज्ञानिक और गहन जांच की गई। घटना स्थल के निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस को पता चला कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी।

पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि युवक की मौत गला दबाने और रस्सी से कसकर श्वास अवरुद्ध करने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की। पूछताछ के दौरान मृतक के भाई नरेश साहू और मां कमला बाई साहू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

शराब के लिए पैसा नहीं देने पर बढ़ा विवाद

आरोपियों ने बताया कि मृतक शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। पैसे नहीं मिलने पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में दोनों ने पहले उसका गला दबाया, फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, उन्हें शक था कि वह अभी जिंदा है, इसलिए उसे कीटनाशक भी पिला दिया।

आत्महत्या का रूप देने फांसी पर लटकाया था शव

हत्या के बाद दोनों ने शव को फांसी पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे और पुलिस को गुमराह किया जा सके, लेकिन पुलिस की सूक्ष्म विवेचना और वैज्ञानिक जांच के सामने यह साजिश ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments