कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की व्यापक तैयारियां पूरी, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की व्यापक तैयारियां पूरी, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : जिले में लगातार हो रही वर्षा एवं मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की संभावना को देखते हुए कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश पर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है। संभावित आपदा की किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। जिले के सभी अनुविभागों, विकासखंडों, नगरीय निकायों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकारियों एवं मैदानी अमले को सतर्क रहने तथा लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर  प्रतिष्ठा ममगाईं ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आम नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी विकासखंडों में आवश्यक संसाधनों, राहत एवं बचाव दलों तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं को तैयार रखा गया है। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है।

जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगरीय निकायों के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों, पुल-पुलियों, नालों, नदी-नालों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

इसी क्रम में साजा अनुविभाग के अधिकारियों द्वारा ग्राम रोद्रा स्थित डोटूनाला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वहां की स्थिति सामान्य पाई गई। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा जलस्तर एवं आवागमन की स्थिति पर सतत नजर बनाए रखी गई है। जिला प्रशासन ने बताया कि वर्तमान में जिले की स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है। कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद प्रशासन किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि भारी बारिश एवं मेघ गर्जना के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। नदी, नाले, पुल-पुलियों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों को पार करने का प्रयास न करें तथा बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखें। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों तथा बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचें। किसी भी आपात स्थिति अथवा असामान्य परिस्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि आमजन के सहयोग, सतर्कता एवं जागरूकता से किसी भी संभावित आपदा का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है। जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ चौबीसों घंटे कार्यरत है तथा प्रत्येक परिस्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments