एक रात... 6 दुकानें... बेखौफ चोर! महासमुंद में सिलसिलेवार चोरी से दहशत

एक रात... 6 दुकानें... बेखौफ चोर! महासमुंद में सिलसिलेवार चोरी से दहशत

पिथौरा: महासमुंद जिले के बसना नगर में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक छह दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। बेखौफ बदमाशों ने दुकानों के ताले और शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया, सामान को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया और गल्लों में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे व्यापारिक क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नकाबपोश चोरों की हरकत कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, चोरी की यह वारदात रविवार देर रात करीब 2 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे के बीच हुई। चोरों ने सुनियोजित तरीके से अलग-अलग दुकानों को निशाना बनाया और कई स्थानों से नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

इन दुकानों को बनाया निशाना

दुकानदारों के मुताबिक चोरों ने अलग-अलग दुकानों से नकदी और सामान पर हाथ साफ किया। इनमें शामिल हैं—

पटेल कंसल्टेंसी सर्विसेस से करीब 5 हजार रुपये नकद।

भारत मोबाइल से लगभग 25 हजार रुपये।

राधे कपड़ा से करीब 30 हजार रुपये।

राज पान दुकान से बिस्किट के पैकेट।

लक्ष्मी कंप्यूटर से करीब 20 हजार रुपये नकद।

एक ब्यूटी पार्लर से लगभग 18 हजार रुपये नकद।

इसके अलावा दीपक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में भी घुसकर चोरों ने सामान को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। हालांकि वहां से कितने नुकसान की जानकारी हुई है, इसका आकलन किया जा रहा है।

व्यापारियों में रोष, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

एक ही रात में लगातार छह दुकानों में चोरी की घटना ने बसना के व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। व्यापारियों का कहना है कि नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बसना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अब सभी की नजर इस बात पर है कि बसना पुलिस इन शातिर चोरों तक कितनी जल्दी पहुंच पाती है और व्यापारियों को राहत दिला पाती है।

 







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments