देवभोग : वन परिक्षेत्र इंदागांव (देवभोग) के अंतर्गत ग्राम बाजड़ी में दुर्लभ वन्यजीव पैंगोलिन मिलने से क्षेत्र में उत्सुकता का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए पैंगोलिन का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे संरक्षण में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 11 बजे ग्राम बाजड़ी के जनपद सदस्य सुभाष यादव ने गांव में पैंगोलिन दिखाई देने की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी अश्वनी दास मुरचूलिया के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
वन अमले ने पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ दुर्लभ वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू किया। विभाग के अनुसार, पैंगोलिन पूरी तरह सुरक्षित है और उसे आवश्यक संरक्षण में रखकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रेस्क्यू अभियान में सहायक परिक्षेत्र अधिकारी दिनेश चन्द्र पात्र, वन रक्षक लम्बोदर सोरी, पुरुषोत्तम ध्रुवा, कौशल ध्रुव, सुरक्षा श्रमिक लुद्रास नागेश तथा वाहन चालक महेन्द्र सिंह चन्द्राकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं पैंगोलिन या कोई अन्य दुर्लभ वन्यजीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें। इसकी तत्काल सूचना वन विभाग को दें, ताकि वन्यजीवों का सुरक्षित संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
पैंगोलिन क्यों है खास?
पैंगोलिन दुनिया के सबसे दुर्लभ और सर्वाधिक तस्करी किए जाने वाले स्तनधारी वन्यजीवों में शामिल है। यह मुख्य रूप से चींटियों और दीमकों को खाकर जंगलों के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भारत में यह वन्यजीव कानून के तहत संरक्षित प्रजाति है।

Comments