गरियाबंद में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन: बगनई नदी की बाढ़ में फंसे 14 ग्रामीणों को पुलिस ने सकुशल बचाया

गरियाबंद में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन: बगनई नदी की बाढ़ में फंसे 14 ग्रामीणों को पुलिस ने सकुशल बचाया

विजयपाल गांव के पास उफनती नदी में फंसे थे श्रमिक, छुरा पुलिस और SDRF की संयुक्त कार्रवाई से टला बड़ा हादसा

 

गरियाबंद : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र में बगनई नदी के उफान पर आने से बड़ा हादसा टल गया। ग्राम विजयपाल के पास बाढ़ के पानी में फंसे 14 ग्रामीणों एवं श्रमिकों को छुरा पुलिस और नगर सेना SDRF की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी छुरा उप निरीक्षक ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल को सूचना मिली कि ग्राम विजयपाल के पास निर्माणाधीन पुल के नीचे अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहे कर्मचारी रविवार तड़के अचानक आई बाढ़ में फंस गए हैं। बताया गया कि सुबह करीब चार बजे तेज बारिश के कारण बगनई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे वहां मौजूद लोग चारों ओर से पानी से घिर गए।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

सूचना मिलते ही छुरा थाना पुलिस और नगर सेना SDRF महासमुंद की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी 14 लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।

समय रहते किए गए इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस एवं SDRF टीम की तत्परता और साहसिक कार्रवाई की सराहना की।

प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से अपील की है कि उफनती नदियों और नालों के आसपास जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।

 







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments