खारुन नदी बनी मौत का जाल: जलकुंभी में फंसकर 20 से अधिक मवेशियों की मौत, ग्रामीणों का चक्काजाम

खारुन नदी बनी मौत का जाल: जलकुंभी में फंसकर 20 से अधिक मवेशियों की मौत, ग्रामीणों का चक्काजाम

धरसींवा (रायपुर) :  रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र के पठारीडीह गांव में मंगलवार को खारुन नदी में हुए दर्दनाक हादसे में 20 से अधिक मवेशियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मवेशी नदी में फैली जलकुंभी को घास समझकर पानी में उतर गए, लेकिन घने जाल में फंसने के कारण बाहर नहीं निकल सके और उनकी दम घुटने से मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नदी पर बने पुल पर चक्काजाम कर दिया। इससे रायपुर, दुर्ग और बेमेतरा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

ग्रामीणों का आरोप है कि खारुन नदी लंबे समय से जलकुंभी और प्रदूषण की समस्या से जूझ रही है, लेकिन लगातार शिकायतों और मांगों के बावजूद प्रशासन ने समय रहते सफाई और जलकुंभी हटाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उनका कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई की गई होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मृत मवेशियों के लिए उचित मुआवजा, खारुन नदी से जलकुंभी हटाने और नदी की नियमित सफाई की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि हाल के महीनों में खारुन नदी के संरक्षण को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों ने भी आवाज उठाई थी। महादेव घाट से सोमनाथ तक निकाली गई 'पानी बचाओ, वाणी बचाओ' पदयात्रा के माध्यम से भी नदी की बदहाल स्थिति की ओर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया था।

फिलहाल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है और मामले की जांच की जा रही है।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments