बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विभागीय कार्यों में शिथिलता, लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान एसपी त्रिलोक बंसल भी मौजूद थे |
लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं होने पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने विभागवार योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने विभागों में निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करें तथा प्रगति में तेजी लाएं। जिन विभागों में अपेक्षित उपलब्धियां नहीं मिल रही हैं, उनसे कारण सहित जवाब तलब किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ई-ऑफिस प्रणाली से होगा विभागीय पत्राचार
प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने सभी विभागों को ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय पत्राचार एवं फाइलों का संचालन यथासंभव ई-ऑफिस के माध्यम से किया जाए तथा लंबित ई-फाइलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भौतिक फाइलों के अनावश्यक उपयोग को न्यूनतम करने पर भी बल दिया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
सुशासन तिहार एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के आवेदनों का करें गुणवत्तापूर्ण निराकरण
कलेक्टर ने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों एवं आवेदनों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए। पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा प्रत्येक कार्यालय में प्राप्त होने वाले आवेदनों का पंजीयन कर उनका शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यही सुशासन की वास्तविक अवधारणा है।
पौधरोपण अभियान को जन-आंदोलन बनाने के निर्देश
वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने जिले में व्यापक पौधरोपण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने तथा प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को स्वयं भी पौधरोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।
कृषि, खाद-बीज एवं पशुपालन गतिविधियों की समीक्षा
बैठक में सभी विकासखंडों में कृषि, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग की गतिविधियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद एवं बीज के भंडारण, वितरण व्यवस्था तथा मिट्टी नमूना संग्रहण की प्रगति की भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदलें, लटकते विद्युत तार करें दुरुस्त
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में जहां-जहां ट्रांसफार्मर खराब हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल बदला जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों एवं खेतों में लटक रहे विद्युत तारों को तत्काल ठीक कर सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के मौसम में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
स्वास्थ्य विभाग रहे पूरी तरह सतर्क
बरसात के मौसम में संभावित स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं जिला अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम (एंटीवेनम) उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही डायरिया एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
अन्य योजनाओं एवं विकास कार्यों की भी हुई समीक्षा
बैठक में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान कार्ड निर्माण, आधार ई-केवाईसी, व्यवस्थापन एवं आबंटन, शौचालय निर्माण, निराश्रित पेंशन, मध्याह्न भोजन, अनाज भंडारण, मनरेगा, भू-अर्जन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के दिए निर्देश
बैठक के अंत में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले निर्देशों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति सजग रहकर कार्य करें तथा जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, एसडीएम नवागढ़ दिव्या पोटाई, एसडीएम बेरला सुश्री दीप्ति वर्मा, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Comments