ऑटो में छोड़ा बैग और उड़ गए सोने के गहने! CCTV में कैद हुई चालक की करतूत, जेवर लौटाने का वादा कर हुआ फरार

ऑटो में छोड़ा बैग और उड़ गए सोने के गहने! CCTV में कैद हुई चालक की करतूत, जेवर लौटाने का वादा कर हुआ फरार

बिलासपुर : जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में रखे बैग से सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बुंदेला निवासी 29 वर्षीय भगवती कौशिक ने शिकायत में बताया कि 15 जुलाई को वह अपनी बड़ी बहन और बुआ के साथ ऑटो से अमेरी जा रही थीं। इस दौरान चकरभाठा स्थित ओम साईराम ज्वेलर्स के सामने ऑटो चालक गेदराम निराला के कहने पर उन्होंने अपना बैग ऑटो में ही छोड़ दिया और कृष्णा सोसायटी में सामान खरीदने चली गईं।

करीब डेढ़ घंटे बाद तीनों वापस लौटीं और उसी ऑटो से अमेरी पहुंच गईं। अगले दिन जब भगवती ने बैग की जांच की तो उसमें रखा करीब 15 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र, सोने के ईयर रिंग और सोने का चोकर माला गायब था।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

पीड़िता का आरोप है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर ऑटो चालक उनकी गैरमौजूदगी में बैग से जेवर निकालते हुए दिखाई दिया। इसके बाद जब उन्होंने चालक गेदराम निराला से पूछताछ की तो उसने पहले टालमटोल की, लेकिन बाद में जेवर वापस करने का आश्वासन दिया।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि के सामने चोरी की बात स्वीकार करते हुए जेवर के बदले नकद रुपये या अन्य गहने देने की पेशकश की थी। इसके बाद वह बैंक से पैसे निकालने का बहाना बनाकर पीड़िता को अपने एक रिश्तेदार के घर ले गया, जहां मौका मिलते ही छत के रास्ते फरार हो गया।

चकरभाठा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments