गरियाबंद : छत्तीसगढ़ की मोटो क्वींस एडवेंचर की 30 महिला बाइक राइडर्स तीन दिवसीय पर्यटन यात्रा पर गरियाबंद पहुंचीं। इस दौरान वे जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण करते हुए इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण का संदेश देंगी।
इस राइड में डॉक्टर, इंजीनियर, गृहिणियां और छात्राएं शामिल हैं। यात्रा का उद्देश्य गरियाबंद के प्राकृतिक और कम चर्चित पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाना तथा पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। सभी महिला राइडर्स को गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर्य और उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने हरी झंडी दिखाकर जिला भ्रमण के लिए रवाना किया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
मोटो क्वींस की टीम जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और जलप्रपातों का भ्रमण करेगी तथा लोगों को सुरक्षित यातायात, हेलमेट के उपयोग और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करेगी।
टीम लीडर अनुराधा दुबे ने बताया कि प्रदेश के पर्यटन मंत्री ने हाल ही में प्रदेश की जनता को ट्रिपल-S का संदेश दिया है। इसमें पहला ‘S’ सुरक्षा, दूसरा ‘S’ स्वच्छता और तीसरा ‘S’ संस्कार का प्रतीक है। इन तीनों मैसेज को लेकर मोटो क्वींस निकली हैं। इस पहल का आयोजन छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के अनछुए पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाना और महिलाओं को आत्मनिर्भर व साहसी बनने के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने बताया कि सभी महिला राइडर्स गरियाबंद से ओढ़ गांव जाएंगी।

Comments