छत्तीसगढ़ में जंगल से आबादी तक खतरा! जांजगीर में मगरमच्छ, सूरजपुर में दंतैल हाथी का आतंक

छत्तीसगढ़ में जंगल से आबादी तक खतरा! जांजगीर में मगरमच्छ, सूरजपुर में दंतैल हाथी का आतंक

जांजगीर-चांपा/सूरजपुर : प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बाद वन्यजीवों की आबादी वाले क्षेत्रों में आवाजाही बढ़ने लगी है। जांजगीर-चांपा और सूरजपुर जिले से सामने आई दो अलग-अलग घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर जांजगीर-चांपा में मगरमच्छ गांव के तालाब तक पहुंच गया, वहीं सूरजपुर में एक गुस्साए दंतैल हाथी ने बाइक सवार पर हमला करने का प्रयास कर दिया।

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा विकासखंड अंतर्गत पोड़ी दल्हा गांव के सिंघरी तालाब में करीब साढ़े छह फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि कर्रा नाला बांध के क्षतिग्रस्त होने के बाद मगरमच्छ बहकर तालाब तक पहुंच गया। यह बांध कोटमी सोनार क्रोकोडाइल पार्क के पास स्थित है।

मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू अभियान चलाकर मगरमच्छ को पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के दौरान ग्रामीणों द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वन विभाग ने मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से कोटमी सोनार क्रोकोडाइल पार्क में छोड़ दिया।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

वन विभाग के अनुसार, प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण जलाशयों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे मगरमच्छ अपने प्राकृतिक आवास से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।

दंतैल हाथी ने बाइक सवार को दौड़ाया

वहीं, सूरजपुर जिले के वन परिक्षेत्र प्रतापपुर में एक गुस्साए दंतैल हाथी ने सड़क से गुजर रहे एक बाइक सवार पर हमला करने का प्रयास किया। हालांकि बाइक सवार समय रहते वाहन छोड़कर भाग निकला, जिससे उसकी जान बच गई। इस दौरान हाथी ने बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना स्थल का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दंतैल हाथी सड़क किनारे खड़ा दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हाथी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है और लोगों को उस मार्ग पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बारिश के मौसम में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने लोगों से जंगल और जलाशयों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments