आरंग में केंद्रीय विद्यालय के नवीन भवन का भव्य उद्घाटन, यह केवल भवन नहीं, आने वाली पीढ़ियों के सपनों का मंदिर— ADG दीपक कुमार

आरंग में केंद्रीय विद्यालय के नवीन भवन का भव्य उद्घाटन, यह केवल भवन नहीं, आने वाली पीढ़ियों के सपनों का मंदिर— ADG दीपक कुमार

आरंग : राष्ट्र निर्माण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में केंद्रीय विद्यालय, ग्रुप केंद्र, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) आरंग के नवीन भवन का उद्घाटन समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और उत्कृष्टता के नए अध्याय की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के मध्य अंचल के विशेष महानिदेशक दीपक कुमार (IPS) रहे। वहीं छत्तीसगढ़ सेक्टर CRPF के महानिरीक्षक शालिन (IPS) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रुप केंद्र CRPF रायपुर के उपमहानिरीक्षक (DIG) अजय कुमार सिंह ने की। उन्होंने अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। 

समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और पौधों के भेंट के साथ हुआ। स्वागत संबोधन में अजय कुमार सिंह ने केंद्रीय विद्यालय संगठन की पृष्ठभूमि और विद्यालय के विजन-मिशन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर 1963 को 20 रेजिमेंटल स्कूलों से शुरू हुआ केंद्रीय विद्यालय संगठन आज 1331 से अधिक विद्यालयों के विशाल नेटवर्क के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण, मूल्यपरक और समावेशी शिक्षा प्रदान कर रहा है।

वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय आरंग में बालवाटिका-1 से 3 तथा कक्षा 1 से 5 तक कुल आठ कक्षाओं में करीब 320 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यालय के लिए ग्रुप केंद्र CRPF आरंग द्वारा अस्थायी भवन, पेयजल, शौचालय और खेल मैदान सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं नवीन स्थायी भवन के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया भी जारी है।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, कला और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन केंद्रीय विद्यालय आरंग के शिक्षक प्रताप सोनी और लता गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। विद्यालय के प्राचार्य संजय कंसल ने अपने संबोधन में केंद्रीय विद्यालय संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए ग्रुप केंद्र CRPF के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान बालवाटिका-1 से कक्षा 5वीं तक के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उपहार और प्रोत्साहन सामग्री देकर सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

मुख्य अतिथि दीपक कुमार (IPS) ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सपनों को साकार करने का पवित्र मंदिर है। इसके बाद अतिथियों को बेल मेटल का नंदी भेंट कर सम्मानित किया गया और समूह छायाचित्र लिया गया। मुख्य अतिथि ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर नवीन विद्यालय परिसर का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को लेखन सामग्री (स्टेशनरी) किट भी भेंट की गई। अतिथियों ने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक वातावरण और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा की। समारोह में मध्य अंचल CRPF के विशेष महानिदेशक दीपक कुमार, छत्तीसगढ़ सेक्टर CRPF के महानिरीक्षक शालिन, ग्रुप केंद्र CRPF रायपुर के उपमहानिरीक्षक अजय कुमार सिंह, संयुक्त अस्पताल GC CRPF रायपुर के उपमहानिरीक्षक (चिकित्सा) डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, HEAD RCWA सुम्मी सिंह, केंद्रीय विद्यालय GC CRPF आरंग के प्राचार्य संजय कंसल सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। 

 







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments