जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कंसाबेल वन परिक्षेत्र में इन दिनों 18 हाथियों का दल विचरण कर रहा है. साजापानी गांव के रिहायशी इलाके में शुक्रवार रात को हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. बताया जा रहा है कि कटहल की खुशबू से आकर्षित होकर हाथी गांव में घुस आया. इस दौरान उसने दो मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया और घरों में रखा अनाज भी खा गया. हालांकि, समय रहते ग्रामीण घरों से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई.
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
जानकारी के अनुसार, रात के समय हाथियों के दल ने अचानक गांव में पहुंचकर हमला कर दिया. हाथी ने घरों की दीवारों और सामान को नुकसान पहुंचाया. इसके बाद वह घरों में रखे अनाज को खाने लगा. हाथी को सामने देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने किसी तरह सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण रात के समय सतर्कता बरत रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. विभाग ने हाथी के मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने, रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है.

Comments